महापौर विनोद अग्रवाल ने एक दिन पहले ही नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक चार दिसंबर को अपरान्ह 2:30 बजे पीलीकोठी स्थित महापौर के कैंप कार्यालय पर होने का कार्यक्रम तय किया था। पार्षदों को इसकी सूचना भी दे दी गई थी। बैठक के एजेंडे में मुख्य रूप से पांच बिंदु शामिल किए गए थे। जिसमें सदन की 27 सितंबर को हुई बैठक में पार्षदों द्वारा उठाई गई समस्याओं के समाधान को लेकर किए गए प्रयास पर चर्चा के साथ विकास कार्य व टैक्स वसूली लक्ष्य की समीक्षा होनी थी। इसके अलावा अन्य बिंदु महापौर की अनुमति से रखे जाने थे। लेकिन अब यह बैठक स्थगित हो गई है। महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया कि अब यह बैठक 11 को होगी। उन्होंने बताया कि नगर आयुक्त से चर्चा के बाद तय हुआ कि कार्यकारिणी की इस बैठक में पुनरक्षित बजट भी शामिल कर लिया जाए। जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि अब 11 दिसंबर को होने वाली इस बैठक में एक बिंदु पुनरक्षित बजट पर चर्चा का भी रहेगा।