ऐसे में एक ही फ्लैट को किराए पर लेकर आतंकी धमाके के जरिए 300 से 400 फ्लैट्स को नुकसान पहुंचा सकते हैं। एजेंसियों ने आगाह किया है कि अलर्ट के समय सिर्फ भीड़भाड़ वाले और महत्वपूर्ण ठिकानों की सुरक्षा पर ही फोकस न किया जाए, बल्कि महानगरों और छोटे शहरों में फ्लैट्स टावरों पर भी खास तौर पर सुरक्षा और सतर्कता बढ़ाई जाए। एजेंसियों ने हिदायत दी है कि अपार्टमेंट्स में सुरक्षा मानकों को सख्ती से पूरा नहीं कराया गया तो यह आसानी से आतंकियों का निशाना बन सकते हैं। लिफ्ट के जरिए ब्लास्ट और सिलेंडर ब्लास्ट तक की आशंका एजेंसियों ने जताई है।
खुफिया एजेंसियों ने कहा है कि फ्लैट्स टावर में किराएदार रखने से पहले उसकी पूरी छानबीन, पुलिस जांच, सीसीटीवी कैमरा, मेटल डिटेक्टर और अपार्टमेंट्स में आने वाली गाड़ियों की जांच की पूरी व्यवस्था के साथ ही पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गार्ड्स भी होना चाहिए। महानगरों में किराएदारों की जांच सिर्फ किराएनामा तैयार होने और एडवांस किराया मिलने तक सिमटकर रह गई है। एनआईए ने अमरोहा से हाल ही में छापा मारकर पांच संदिग्ध आतंकियों को पकड़ा है, ऐसे में खुफिया एजेंसियों का ताजा सर्कुलर अधिकारियों की बेचैनी बढ़ा रहा है।
वाहनों पर काले रंग के शीशे तुरंत हटाएं
वाहनों पर काले रंग के शीशे आतंकियों के लिए सुरक्षित कवर का काम कर सकते हैं। एजेंसियों ने इसकी आशंका जताते हुए वाहनों के शीशों पर लगी काली फिल्म को सख्ती से उतरवाने की सलाह दी है। खुफिया एजेंसियों ने सलाह दी है कि काले रंग की फिल्म लगे वाहनों की फिल्म उतारवाने के साथ ही वाहन और वाहन स्वामी की गतिविधियों की जांच भी की जाए।