केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले पर कांग्रेस और कुछ अन्य दलों के नेताओं को आड़े हाथों लिया। कहा कि कांग्रेस और उसके कुछ साथी बयान बहादुरों की बकवास मंडली राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर झूठ बोलने की प्रतिस्पर्धा कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने आने वाले लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा के संकल्प पत्र पर भी बात रखी।
केंद्रीय मंत्री शनिवार को भारत के मन की बात मोदी के साथ कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि चोट आतंकवादियों और अलगाववादियों को लगती है और चीख कांग्रेस और उसके साथियों की निकलती है। कांग्रेस और उसके साथी राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर देश को गुमराह करने, सुरक्षा बलों का अपमान करने, भ्रम और झूठ फैलाने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस सुरक्षा बलों के शौर्य-पराक्रम का अपमान करने की हिस्ट्रीशीटर पार्टी है। कारगिल युद्ध के समय सोनिया गांधी ने अपमान किया और अब उनकी इस विरासत को राहुल गांधी आगे बढ़ा रहे हैं।
पुलवामा आतंकी हमले के बाद हुई भारत सरकार की कार्रवाइयों को भी गिनाया और कहा कि पाकिस्तान का हुक्का-पानी बंद कर दिया गया है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा विश्व भारत के साथ खड़ा है, क्योंकि पाकिस्तान के आतंकवाद के उत्पाद को पूरा विश्व समझ चुका है। कहा कि ऐसे संवेदनशील माहौल में भी कुछ नेता अलगाववादियों की बिरयानी के नमक का हक अदा कर उल्टे-सीधे बयान दे रहे हैं। कश्मीर में सेना की कार्रवाई के बाद अलगाववादी चूहे की तरह बिल में घुस गए हैं। बोले अब ऐसा नहीं होगा कि सुरक्षा-सुविधा भारत से ले और झंडा पाकिस्तान का थामो, सेना पर पत्थरबाजी करवाओ।
यासीन मलिक की गिरफ्तारी पर महबूबा मुफ्ती के ट्विट पर कहा कि जब अलगाववादी और आतंकवादियों पर कार्रवाई होती है तो ऐसा ही होता है इधर महबूबा मुफ्ती रोती हैं और उधर राहुल गांधी की आंखों में आंसू आ जाते हैं। पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच पर कहा कि इस पर फैसला बीसीसीआई को लेना है लेकिन, मेरी राय साफ है कि जिस जमीन पर आतंकवाद की खेती होती हो उस पर क्रिकेट की पिच तैयार नहीं हो सकती। पुलवामा आतंकी हमले की जवाबी कार्रवाई पर कहा कि देखते रहिये अभी और क्या-क्या होता है।