मुरादाबाद। मझोली चौराहे का बंद कट खुलवाने के लिए मंगलवार को सांसद रुचि वीरा भी हस्ताक्षर अभियान में शामिल हो गईं। उन्होंने आम लोगों के साथ बोर्ड पर हस्ताक्षर किए। साथ ही कट खुलवाने के लिए प्रयास कर रहे सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि प्रशासन से समन्वय कर उनकी समस्या का निराकरण कराने का प्रयास करेंगी।
सांसद मंगलवार शाम को मझोली चौराहा पहुंचीं और लोगों से उनकी परेशानियों पर बातचीत की। बहुजन समन्वय समिति के पदाधिकारी चंदन सिंह रैदास ने उन्हें बताया कि पांच साल से तीन लाख की आबादी परेशानी झेल रही है। खुशहालपुर, शाहपुर तिगरी, खदाना, गुरैठा, मिलक, दान सहाय की मिलक आदि क्षेत्रों के लोग बुद्धि विहार से होकर जाते हैं।
इससे न सिर्फ उन्हें लंबा चक्कर लगाना पड़ता है बल्कि बुद्धि विहार की सड़कें भी खराब हो रही हैं। बच्चों को स्कूल जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। रविवार को क्षेत्रवासियों ने खुशहालपुर से हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की थी। अभियान में महिलाएं, युवा, बुजुर्ग और बच्चे तक हिस्सा ले रहे हैं। सोमवार को सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि प्रशासनिक अफसर से भी मिले थे और कट खुलवाने की मांग की थी।
अब लोग अलग-अलग कॉलोनियों, गांवों और मोहल्लों में पहुंचकर समर्थन जुटा रहे हैं। लोगों का कहना है कि वह पांच साल से परेशानी झेल रहे हैं और कट खुलवाकर ही दम लेंगे। उद्योग बंधु की बैठक में कट खुलने की सहमति बनने के बावजूद निगम इसे नहीं खुलवा रहा है। इस मौके पर पाल महासभा के संगठन महामंत्री राजेश पाल, जिला सैनी सभा के महानगर अध्यक्ष संजीव सैनी, प्रजापति समाज समिति से राजू प्रजापति और सामाजिक कार्यकर्ता अजय सैनी आदि मौजूद रहे।