बिलारी। क्षेत्र के सहसपुर गांव में हाईवे पर लगातार जलभराव से वाहन चालक, ग्रामीण और दुकानदार परेशान हैं। मुरादाबाद से आगरा का राष्ट्रीय राजमार्ग सहसपुर गांव की आबादी के बीच में होकर जा रहा है। इस राजमार्ग के पश्चिम दिशा में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा बारिश के पानी की निकासी के लिए जो नाला बनाया गया है वह मलबा भर जाने से पट गया है। इस नाले की सफाई न होने से बारिश होते ही हाईवे पर जलभराव हो जाता है। बीते तीन दिन में रुक-रुक बारिश होने से हाईवे पर लगातार जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सहसपुर निवासी दुकानदार रईस, अहसान और छोटे ने बताया कि दुकानों के आगे लगातार पानी भरा रहने से ग्राहक नहीं आ रहे हैं। सहसपुर निवासी वारिस अंसारी और शाकिर मलिक ने बताया कि हाईवे पर लगातार जलभराव से ग्रामीणों को पैदल निकलने में काफी दिक्कत हो रही है। सहसपुर के ग्राम पंचायत अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि हाईवे के दोनों ओर ग्राम पंचायत ने अपना नाला बनवाया है। कई स्थानों पर ग्राम पंचायत के नाले पर अवैध कब्जे होने की वजह से समय-समय पर नाले की सफाई नहीं हो पा रही है। ग्राम पंचायत सहसपुर की प्रशासक शगुफ्ता सलीम अंसारी ने बताया कि हाईवे पर जलभराव की समस्या को स्थायी रूप से समाधान कराने के लिए ग्राम पंचायत की बैठक में प्रस्ताव पारित कर नेशनल हाईवे के प्रबंधक को भेजा जा चुका है।