मुरादाबाद। सिविल लाइंस के हरथला सोनकपुर में ऑनर किलिंग में छात्रा की मां भी शामिल थी। पुलिस ने बुधवार दोपहर आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस छात्रा के पिता और भाई को पहले ही जेल भेज चुकी है।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के हरथला सोनकपुर में 16 जून की रात बीए की छात्रा संगीता की संदिग्ध हालत में घर में ही मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो परिजनों ने बताया था कि बीमारी से छात्रा की मौत हुई है। पुलिस ने जबरन शव का पोस्टमार्टम कराया। पीएम रिपोर्ट से पता चला था कि छात्रा की गला घोंटकर हत्या की गई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर छात्रा के पिता जबर सिंह और भाई सचिन से पूछताछ की। तब उन्होंने कबूला था कि संगीता के एक युवक से प्रेम संबंध थे। वह उससे शादी करना चाहती थी। घटना से चार दिन पहले वह प्रेमी के घर चली गई थी। घर आने के बाद भी वह प्रेमी से शादी करने को अड़ी थी। जिससे मोहल्ले में उनकी बदनामी हुई थी। सिविल लाइंस थाना प्रभारी नवल मारवाह ने बताया कि तफ्तीश में सामने आया कि घटना की जानकारी छात्रा की मां जगवती भी घटना में पिता और बेटे के साथ शामिल थी। इसके बावजूद उसने पुलिस को कुछ नहीं बताया था। आरोपी महिला को बुधवार दोपहर बाद अदालत में पेश किया। जहां से उसे भेज दिया गया है।