कांठ (मुरादाबाद)। छजलैट थानाक्षेत्र में मुरादाबाद हरिद्वार स्टेट हाईवे पर बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे तेज रफ्तार कार ने आगे जा रही बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे कार और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गईं। हादसे में बाइक सवार छजलैट थानाक्षेत्र के फूलपुर मिठ्ठनपुर निवासी महिला विमला देवी (65) और उसकी आरती (24) की मौत हो गई जबकि बाइक सवार रहा बेटा मनदीप गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के समय फूलपुर मिठ्ठनपुर निवासी शिव कुमार का बेटा मनदीप बुधवार दोपहर अपनी मां विमला देवी को दवा दिलाने छजलैट जा रहा था। बाइक पर उसकी बहन आरती भी बैठी थी।
बाइक अभी गांव से निकलाकर मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर राधा स्वामी सत्संग भवन के पास पहुंची थी। इसी दौरान पीछे से तेजी से कार आई और बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गईं। हादसे में मनदीप, उसकी मां विमला देवी और बहन आरती गंभीर रूप से घायल हो गईं। छजलैट थाने की पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भिजवाया, जहां बुधवार की शाम उपचार के दौरान विमला और आरती की मौत हो गई जबकि कार चालक मौके से ही किसी दूसरे वाहन में बैठकर चला गया था। छजलैट थानाध्यक्ष दीपक मलिक ने बताया कि दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। दोनों वाहनों को भी खाई से निकलवाकर कब्जे में ले लिया है।