मुरादाबाद। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर शुक्रवार शाम पांच बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार महिला चंद्रवती और उसके सात साल के बेटे सौरभ की मौत हो गई। जबकि महिला के पति राजवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। उसे रामपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भोजपुर के ठीकरी गांव निवासी राजवीर फर्म में पॉलिश का काम करता है। शुक्रवार शाम पांच बजे वह पत्नी चन्द्रवती और सात वर्षीय बेटे सौरभ को बाइक से लेकर रामपुर के बिलासपुर थानाक्षेत्र मंझरा गांव जा रहा था। इस गांव में राजवीर की ससुराल है। वह ससुर के श्राद्ध में शामिल होने जा रहे थे। बाइक अभी दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सिहोराबाजे के पास पहुंची थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक बाइक को टक्कर मार दी। कार और तीनों सवारों को ट्रक दूर तक घसीटते हुए ले गया। इस दौरान ट्रक का पहिया सौरभ के सिर पर से उतर गया। जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। राजवीर व चंद्रवती गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल पति पत्नी को रामपुर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान चंद्रवती की मौत हो गई। राजवीर की हालत गंभीर बनी हुई है। एसओ अमित सिंह तोमर ने बताया कि चालक ट्रक दौड़ाकर मौके से भाग गया है।