यूपी बाक्सिंग टीम में शहर की परवीन
- फोटो : अमर उजाला
हरिद्वार में होने वाली वूमेन सीनियर नेशनल बाक्सिंग प्रतियोगिता में मुरादाबादी पंच दिखेगा। शहर की बाक्सर परवीन का चयन यूपी बाक्सिंग टीम में हुआ। वह 81 किग्रा से अधिक भार के वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। टीम का चयन मेरठ में चले चौदह दिवसीय कैंप के बाद किया गया है।
19 नवंबर से 24 नवंबर तक हरिद्वार में वूमेन सीनियर नेशनल बाक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया है। इस चैंपियनशिप के लिए तीन नवंबर को यूपी टीम का कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम मेरठ में ट्रायल हुआ। इसमें करीब पचास अधिक महिला मुक्केबाजों ने हिस्सा लिया।
यूपी कैंप के लिए अलग-अलग वर्ग में खिलाड़ियों का चयन किया गया। इसमें 51 किग्रा वर्ग में मुरादाबाद की दीपा गौड़ और 81 किग्रा वर्ग में परवीन को शामिल किया गया। चार नवंबर से अट्ठारह नवंबर तक मेरठ में चले कैंप के बाद चुनी गई यूपी टीम में परवीन का शामिल किया गया है।
हालांकि दीपा को मौका नहीं मिल सका। खेल प्रेमियों ने इस उपलब्धि के लिए परवीन को बधाई दी है। मुरादाबाद डिस्टिक बाक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव एके क्षेत्री ने बताया कि शहर की बाक्सर परवीन का चयन यूपी टीम में हुआ है। वह नेशनल चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी।