पाकबड़ा में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सीएनजी सिलिंडरों से भरे वाहन में टक्कर के बाद गैस रिसाव शुरू हो गया। इससे हाईवे पर अफरातफरी मच गई। दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
मुरादाबाद के पाकबड़ा में रविवार को दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर बिलसोनिया स्कूल के पास सीएनजी गैस सिलेंडरों से भरे कंटेनर को अन्य वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कंटेनर में रखे एक सिलिंडर से तेज रिसाव शुरू हो गया।
विज्ञापन
देखते ही देखते गैस आसपास के क्षेत्र में फैलने लगी। इससे हाईवे पर अफरातफरी मच गई। अनहोनी की आशंका से आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। इससे हाईवे के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। घटनास्थल के पास घनी आबादी होने के साथ ही टैक्सी स्टैंड भी संचालित है।
विज्ञापन
जहां बड़ी संख्या में सीएनजी चालित वाहन खड़े रहते हैं। वहीं हाईवे की दूसरी ओर भारत पेट्रोल पंप स्थित है। ऐसे संवेदनशील स्थान पर गैस रिसाव की घटना से लोगों में दहशत फैल गई।
दुकानदार नाजिम ने बताया कि गैस का रिसाव काफी देर तक जारी रहा लेकिन मौके पर सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आए। लोगों का आरोप है कि सूचना के बावजूद पुलिस और प्रशासन की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची।
बाद में रिसाव वाले सिलिंडर की गैस पूरी तरह समाप्त होने के बाद कंटेनर चालक शेष सिलिंडरों से भरे वाहन को वहां से लेकर चला गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे से गुजरने वाले खतरनाक गैस वाहनों की निगरानी बढ़ाने, अवैध टैक्सी स्टैंड के खिलाफ कार्रवाई करने और आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की।