मुरादाबाद। पीतल नगरी के वाशिंदों को कड़ाके की ठंड के साथ प्रदूषित हवा में सांस लेने को मजबूर होना पड़ रहा है। रविवार रात मुरादाबाद प्रदूषित शहरों की सूची में पहले स्थान पर था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार मुरादाबाद का वायु गुणवत्ता सूचकांक 426 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी के अनुसार कड़ाके की सर्दी की वजह से प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। हवा तेज चलेगी तो प्रदूषण में कमी आएगी।
मुरादाबाद में पीतल की अवैध भट्ठियां और ई-कचरे का काम धड़ल्ले से चल रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, एनजीटी की फटकार और पुलिस की कार्रवाई के बावजूद ई-कचरे के कारोबार पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। दिल्ली से ट्रकों में भरकर ई-कचरा मुरादाबाद पहुंचता है। इस कार्य में संलिप्त लोग अपने लालच की वजह से दूसरों के जीवन को जोखिम में डाल रहे हैं। वह इस इलेक्ट्रॉनिक कचरे को जलाकर इससे धातुओं को निकालने का काम करते हैं। करूला, नागफनी, लालबाग और रामगंगा नदी के किनारे चोरी-छिपे या रात के वक्त ई-कचरे को जलाया जाता है। इसके अलावा लालबाग, बरबलान, गलशहीद, मुगलपुरा आदि क्षेत्रों में पीतल की अवैध भट्ठियां भी जहरीला धुआं उगलती हैं।
भारी कणों का है प्रदूषण
सामान्य तौर पर नाइट्रोजन डाई ऑक्साइड का सौ से अधिक दर्ज किया जाने वाला अधिकतम स्तर रविवार रात 72 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर था। रविवार के प्रदूषण में भारी कणों की मात्रा अधिक होने की वजह से वायु गुणवत्ता सूचकांक मैरून जोन में पहुंच गया। रात दस बजे दर्ज किए गए 426 वायु गुणवत्ता सूचकांक में पीएम 2.5 और पीएम 10 का अधिकतम स्तर पांच सौ पहुंच गया, जो वायु गुणवत्ता की गंभीर श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों के अनुसार लंबे समय तक ऐसी स्थिति बनी होने की वजह से स्वस्थ व्यक्ति के भी बीमार होने की आशंका हो सकती है। इस संबंध में क्षेत्रीय अधिकारी वायु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड विकास मिश्र का कहना है कि ई-कचरे के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है। मौसम ज्यादा ठंडा हो गया है। अन्य जनपदों के मुकाबले मुरादाबाद अप्रत्याशित रूप से अधिक ठंडा रहता है। पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हो रहे बदलाव की वजह से यहां पर भी असर देखने को मिल रहा है। मौसम सामान्य होते ही स्थितियां ठीक होने की उम्मीद है।
इनसेट...
रात दस बजे जारी हुई सबसे प्रदूषित दस शहरों की सूची
शहर एक्यूआई
मुरादाबाद 426
गाजियाबाद 402
गुवाहाटी 355
बुलंदशहर 349
ग्रेटर नोएडा 346
मेरठ 336
बागपत 333
लखनऊ 329
दुर्गापुर 324