शासन से जारी आंकड़ों के अनुसार लक्ष्य की तुलना में मुरादाबाद जिले के क्रय केंद्रों से 30650 मीट्रिक टन (40.33 प्रतिशत) गेहूं की खरीद हुई है। दूसरे नंबर पर आए संभल जिले ने अभी तक 27.17 प्रतिशत गेहूं क्रय किया है। इसी प्रकार रामपुर जिले ने 22.27 प्रतिशत, बिजनौर जिले ने 21.82 प्रतिशत और अमरोहा जिले में सबसे कम 8.28 प्रतिशत गेहूं की खरीद हुई है। कम खरीद करने पर मंडलायुक्त सहित अन्य अधिकारियों ने अमरोहा और बिजनौर के अधिकारियों को फटकार लगाई थी। कुछ एजेंसियों के अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई करने की हिदायत दी थी। इस बारे में मुरादाबाद के डिप्टी आरएमओ राजेश्वर प्रताप सिंह ने बताया कि जिले के 86 क्रय केंद्रों से खरीद बढ़ाने के लिए रात दिन प्रयास जारी हैं। बाहर जाने वाले गेहूं की खेप को रोकने के लिए एडीएम प्रशासन गुलाब चंद्र लगातार मानीटरिंग कर रहे हैं। इसी कारण क्रय केंद्रों से गेहूं की खरीदारी बढ़ी है। डीएम मानवेंद्र सिंह का कहना है कि अभी गेहूं खरीद बढ़ने की संभावना है।
मंडल स्तर पर 25.46 प्रतिशत हुई गेहूं की खरीद
मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने बाहरी प्रांतों में गेहूं भेजने पर रोक लगाने के साथ अधिकारियों पर भी शिकंजा कसा है। इस मामले में उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी सहयोग करने की हिदायत दी है। अधिकारियों का मानना है कि इसी कारण सरकारी खरीद में तेजी आई है। मुरादाबाद मंडल में अभी तक क्रय केंद्रों से 103129.87 मीट्रिक टन गेहूं खरीद चुका है। अर्थात लक्ष्य की तुलना में 25.46 प्रतिशत गेहूं की खरीद हुई है। प्रदेश में चित्रकूट मंडल 26.72 प्रतिशत की खरीदारी कर नंबर एक हो गया है और मुरादाबाद मंडल दूसरे स्थान पर चला गया है।