शिक्षिका से 94 लाख की ठगी
मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक शिक्षिका ने साइबर ठगी का शिकार होने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उन्होंने शादी वेबसाइट पर अपना बायोडाटा शेयर किया था। इसके कुछ ही समय बाद उन्हें व्हाट्सएप कॉल आया।
कॉल करने वाले ने खुद को अमेरिका में नौकरी करने वाला एमबीबीएस डॉक्टर बताया और कहा कि वह भारतीय युवती से शादी करना चाहता है। दो दिन बाद आरोपी ने कहा कि वह शिक्षिका के लिए अमेरिका से गिफ्ट भेज रहा है।
इसके बाद एक महिला ने कॉल कर बताया कि पार्सल में सोने की चेन, अमेरिकी करेंसी और अन्य सामान है, लेकिन इसे पाने के लिए कुछ भुगतान करना होगा। शिक्षिका ने भुगतान किया, तो आरोपी महिला ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर और अधिक रकम ठगनी शुरू कर दी। इस तरह शिक्षिका से कुल 94 लाख की ठगी की गई।
अंतरराष्ट्रीय गिरोह की गिरफ्तारी
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बुधवार को नाइजीरियाई युवक चिनवेके एम्मानुअल कानू और दो नेपाली युवतियों संगीता और ममता को गिरफ्तार किया है। इसके पहले, मणिपुर निवासी कोंसम सुनीता को आठ सितंबर को गिरफ्तार किया जा चुका था।
18 राज्यों की महिलाओं को बनाया शिकार
जांच में पता चला कि यह गिरोह केवल मुरादाबाद तक सीमित नहीं था। देश के 18 राज्यों की महिलाओं को इसका शिकार बनाया गया। इनमें कर्नाटक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, केरल, गुजरात और राजस्थान जैसी राज्य शामिल हैं। अब तक इस गिरोह के खिलाफ नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर नाै शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं।
बरामद सामग्री
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और नकद बरामद किए हैं।
- नकदी 47,770 लाख
- 93 पासबुक और 17 चेकबुक
- 16 एटीएम कार्ड और 10 मोबाइल फोन
- तीन पीओएस मशीन
- 12 आधार कार्ड, 8 पैन कार्ड और 5 सिम कार्ड
पुलिस ने दर्ज किया केस
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन डेटिंग, शादी और रिश्तों के प्रस्तावों में पूरी सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध लेन-देन या अनजान व्यक्ति के संपर्क में आने से पहले जांच अवश्य करें।