लापरवाही में नगर निगम की लिपिक निलंबित
मुरादाबाद नगर निगम आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने लापरवाही के आरोप में नगर निगम की एक लिपिक को निलंबित कर दिया। आरोप है कि लिपिक ने उच्चाधिकारियों को सूचित किए बिना आवंटियों का नियम विरुद्ध किराया जमा कर दिया था।
चक्कर की मिलक स्थित सरकारी आवासों व अन्य लोगों द्वारा नगर निगम के भवन के किराये की धनराशि का भुगतान ऑनलाइन नगर कोष में लिपिक ज्योति चतुर्वेदी ने जमा कर लिया था। इस प्रकार के मामलों में लिपिक को बिना सक्षम अधिकारी एवं पटल लिपिक के संज्ञान में लाए रसीद नहीं काटनी चाहिए थी।
नगर आयुक्त ने लापरवाही बरतने के आरोप में लिपिक ज्योति को निलंबित कर दिया। साथ ही नगर निगम के अन्य अनुभागों में तैनात लिपिकों और कर्मचारियों अपनी कार्यशैली में सुधार लाने की हिदायत दी है। नगर निगम की संयुक्त आयुक्त निशा मिश्रा ने नगर निगम के सरकारी आवासों के आवंटनों की जांच की थी।
इस मामले में शासनादेश का उल्लंघन करने पर सपा विधायक समरपाल सिंह, पूर्व मंत्री रामेश्वर दयाल शर्मा, स्व. इंद्रमोहिनी सहित 15 लोगों के आवासों का आवंटन निरस्त कर दिया है। साथ ही 15 दिन के अंदर आवासों को खाली करने के निर्देश दिए हैं।
आवंटी अब नगर निगम में किराया जमा करने की कोशिश कर रहे हैं। नगर निगम के अधिकारियों का मानना है कि किराया जमा करने पर आवंटी कोर्ट चले जाएंगे। इस कारण लिपिकों और अधिकारियों को सतर्कता बरतनी होगी।