मुरादाबाद जिले के बिलारी नगर के मोहल्ला ऋषिपुरम में तीन दिन पहले युवक की संदिग्ध मौत के मामले में अब उसकी मां ने पत्नी पर आरोप लगाया है। युवक की मां ने उसकी पत्नी के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है।
मोहल्ला ऋषिपुरम में 10 जनवरी की सुबह युवक मुनेश का शव उसके कमरे में छत के पंखे के सहारे लटका मिला था। उस समय परिजनों ने कहा था कि युवक ने पत्नी के मायके जाने से नाराज होने पर दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
10 जनवरी की दोपहर बाद जब युवक के शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी हो रही थी, तभी उसके ससुरालियों ने हंगामा करते हुए पुलिस को बुलाकर अंतिम संस्कार रुकवा दिया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत होने की वजह हैंगिंग से बताई गई थी। बुधवार शाम युवक की मौत होने की घटना में नया मोड़ आ गया। उसकी मां कटोरी देवी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि 9 जनवरी को उसका बेटा अपनी पत्नी को बुलाने ससुराल गया था।
वहां पर पत्नी, सास, ससुर और साले ने उसे मारपीट करके भगा दिया था। उनके रवैये से आहत होकर उसी दिन रात में उसके बेटे ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। युवक की मांग ने अपने बेटे द्वारा आत्महत्या करने की घटना के लिए उसकी पत्नी और अन्य ससुरालियों को जिम्मेदार ठहराया है।
उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि महिला की ओर से मिली शिकायत की जांच की जा रही है।