मुरादाबाद। कंपनी बाग के चिल्ड्रेन पार्क में करोड़ों की लागत से तैयार की गई भूलभुलैया नए साल के मौके पर शहरवासियों के लिए खास आकर्षण बन गई। नए साल की पूर्व संध्या और पहली जनवरी को भारी संख्या में लोगों ने यहां पहुंचकर इसका आनंद लिया। महज दो दिनों में 1,251 लोगों ने टिकट खरीदकर भूलभुलैया का आनंद लिया, जिससे निगम ने 62,500 रुपये की कमाई भी की।
नए साल की पूर्व संध्या यानी मंगलवार को भूलभुलैया देखने के लिए कुल 661 लोग पहुंचे, जिससे 33,000 रुपये के टिकट की बिक्री हुई। वहीं, पहली जनवरी को 590 लोगों ने टिकट खरीदे, जिससे 29,500 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। नए साल का स्वागत करते हुए लोगों ने भूलभुलैया को मनोरंजन के नए केंद्र के रूप में खासा पसंद किया।
बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाओं सभी के लिए यह स्थल समान रूप से रोमांच का केंद्र बना रहा। लोग इसका आनंद लेने के लिए परिवार और दोस्तों के साथ पहुंचे। हालांकि, लोगों को भूलभुलैया का आनंद लेने के लिए मशक्कत भी करनी पड़ी और टिकट के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ा। लेकिन लोगों ने उत्साह के साथ लाइन में लगकर टिकट लिया और इस मनोरंजन स्थल का भरपूर आनंद उठाया। भूलभुलैया घूमकर बाहर निकले रवि राज और साहिल हसन ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि यह बहुत शानदार है। अंदर जाकर लगता है कि 50 रुपये का टिकट पैसा वसूल है। अब घर वालों को यहां घुमाने के लिए लेकर आएंगे।
वहीं, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने बताया कि लोगों को भूलभुलैया पसंद आ रहा है। यहां पर मौजूदा समय में पर्ची से टिकट काटे जा रहे हैं, लेकिन अगले सप्ताह से टिकट को डिजिटल मोड पर कर दिया जाएगा। भूलभुलैया का आनंद लेने के लिए लोगों को 50 रुपये का टिकट लेना होता है। तीन से पांच साल तक के बच्चों व छात्र-छात्राओं को 50 प्रतिशत की छूट मिल रही है। वहीं, तीन साल से कम उम्र के बच्चों को मुफ्त में भूलभुलैया में प्रवेश दिया जा रहा है।