सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक नामी स्कूल की शिक्षिका के एआई (आर्टीफिशियल इंटेलीजेंस) से अश्लील फोटो बनाकर वायरल करने के आरोपी दोनों छात्रों को स्कूल से निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए स्कूल की ओर से पांच सदस्यीय समिति बनाई गई है। प्रभारी प्रधानाचार्य का कहना है कि समिति सोमवार को रिपोर्ट देगी।
स्कूल पहुंचे आरोपी छात्रों के अभिभावकों को घटना के बारे में बताया गया तो उन्होंने कहा कि उनके बच्चों के पास कोई फोन नहीं है। ऐसे में वह इस तरह की घटना को अंजाम नहीं दे सकते। शिक्षकों ने जब छात्रों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि स्कूल कार्य करने के बहाने अभिभावकों का फोन लेते थे और रात नौ बजे सभी छात्र उस ग्रुप से जुड़ते थे। शिक्षकों ने अपने सामने जब ऑनलाइन ग्रुप खुलवाया तो उसमें शिक्षिका के बनाए फोटो सबके सामने आ गए।
घटना की जांच के लिए स्कूल की ओर से पांच सदस्यीय आंतरिक समिति बनाई गई। यह समिति घटना में अन्य छात्रों की भूमिका की भी जांच कर रही है, क्योंकि यह बात भी सामने आ रही है कि फोटो वायरल करने में अन्य छात्र भी शामिल रहे हैं। इसलिए समिति विस्तारपूर्वक जांच कर सोमवार को अपनी रिपोर्ट प्रधानाचार्य को साैंपेगी। उसके बाद अन्य छात्रों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
आरोपी दोनों छात्रों को स्कूल से निलंबित कर दिया गया है। अभिभावकों और बच्चों की काउंसिलिंग करवाई जा रही है। इसके लिए छोटे-छोटे ग्रुप बनाए गए हैं और उसी के हिसाब से अभिभावकों को बुलाया है। काउंसिलिंग के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। आगे की कार्रवाई आंतरिक समिति की रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। - प्रभारी प्रधानाचार्य