छह महीने बचे, कब आएगा बजट, कब मिलेगा लक्ष्य
केंद्र सरकार की इन योजनाओं की स्थिति ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए हैं। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक कई योजनाओं के लक्ष्य वित्तीय वर्ष शुरू होने के बाद मई-जून में तय होते हैं।
इसके बाद बजट जारी किया जाता है। ऐसे में फिलहाल लक्ष्य और बजट न मिलने को विभाग अंतिम स्थिति नहीं मान रहा है। आईटीआई के प्रधानाचार्य एसके जैन ने बताया कि प्रधानमंत्री काैशल विकास योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए अभी कोई लक्ष्य नहीं मिला है।
ऑनलाइन आवेदन के लिए नहीं खुला पोर्टल
राष्ट्रीय कृषि विकास योजना वर्ष 2026-27 के तहत लाभार्थियों का चयन नहीं हो सका है। ऑनलाइन आवेदन के लिए अभी तक शासन से विभागीय पोर्टल ही नहीं खोला गया है।
लक्ष्य और बजट के इंतजार में ये योजनाएं
- सांसद आदर्श ग्राम योजना (वर्ष 2026-27) के तहत ग्राम पंचायतों के चयन के लिए शासन स्तर से विभाग को अभी कोई दिशा निर्देश नहीं मिले हैं।
- प्रधानमंत्री काैशल विकास योजना (वर्ष 2026-27) के लिए कोई लक्ष्य नहीं मिला है। 2025-26 में भी कोई लक्ष्य नहीं मिला था।
- प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना (वर्ष 2026-27) के लिए अभी तक लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया है।
- राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (वर्ष 2026-27) के तहत प्रदूषण नियंत्रण विभाग को कोई धनराशि नहीं मिली।
- प्रधानमंत्री आदर्श गांव योजना (वर्ष 2026-27) के लिए नए गांव चयनित नहीं किए गए।
- प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (वर्ष 2026-27) के लिए लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया।
सांसद आदर्श ग्राम योजना के लिए गांवों के चयन के लिए शासन स्तर से कोई दिशा निर्देश नहीं मिले हैं। तीन साल से बजट भी जारी नहीं हुआ है।
- श्वेतांग पांडेय, परियोजना निदेशक (डीआरडीए)