ट्रैक्टर-ट्राॅली से कुचलकर भट्ठा मजदूर की माैत
छजलैट थाना क्षेत्र के कोकरपुर में सोमवार को ट्रैक्टर-ट्राॅली से कुचलकर महलकपुर निवासी दीप (28) की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब मजदूर ईंट उतारकर भट्ठे पर वापस लौट रहा था। परिजनों ने हंगामा करते हुए भट्ठा मालिक से मुआवजे की मांग की। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव महलकपुर निजामपुर निवासी दीपू गांव के नजदीक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था।
परिवार में पत्नी कुसुम और दो बेटियां हैं। दीपू के भाई दिनेश कुमार ने बताया कि दीपू अन्य मजदूरों के साथ शेरुवा धर्मपुर में ट्रैक्टर-ट्राॅली से ईंट उतारने गया था। वापस लौटते समय छजलैट के कोकरपुर में चालक दीपचंद ने ब्रेक लगाए तो पास में ही ट्रैक्टर पर बैठा दीपू नीचे आ गिरा। पहले ट्रैक्टर और फिर ट्राॅली का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया।
साथी मजदूर घायल दीपू को अस्पताल ले गए, जहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। साथी शव लेकर गांव पहुंचे तो हंगामा हो गया। सूचना पर अगवानपुर चाैकी और छजलैट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चार भाइयों में दीपू सबसे छोटा था।