सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ के लाल टोपी पर कसे गए तंज का मुरादाबाद में जवाब दिया। बोले कि समाजवादियों को कहा गया कि ये लाल टोपी वाले गुंडे हैं। कहना चाहता हूं कि ये लाल टोपी वाले ही हैं, जो लोकतंत्र को बचाने वाले हैं। उन्होंने तंज कसा कि समाजवादियों ने कभी यह नहीं कहा कि काली टोपी वाले काले दिल वाले हैं पर न जाने क्यों सपाइयों पर इस तरह के तंज कसे जा रहे हैं।
शुक्रवार को सपा सुप्रीमो ने दिल्ली रोड पर आयोजित मंडलीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सीएम योगी प्रदेश को बदलना चाहते हैं तो पहले खुद को बदलें। बोले, हमने आमजन की सुरक्षा के लिए 100 नंबर हेल्पलाइन सेवा चालू की थी, जो न्यूयार्क से भी बेहतर थी, लेकिन उन्होंने इसे 112 कर दिया। समाजवादियों की गाड़ी, वही टायर, वही इंतजाम..फिर यह कैसा बदलाव किया।
सपा सुप्रीमो ने कहा कि आज स्थितियां खराब हैं। सरकार को यदि कोई बात पसंद नहीं आई तो वह चाहे पत्रकार हो, समाजसेवी हो या राजनेता, उसे जेल जाना पड़ेगा। आज ऐसे कानून बनाए जा रहे हैं जो प्राइवेट कंपनियों के लिए हैं। हमें प्राइवेट कंपनियों के हाथों में सौंपा जा रहा है।
पहले ईस्ट इंडिया कंपनी आई थी और हम गुलाम हो गए थे। उसी तरह अब फिर से लोकतंत्र पर संकट है। यदि लोकतंत्र को बचाना है तो पहले उत्तर प्रदेश को बचाना होगा और यह तभी होगा जब सरकार बदलेगी। कहा कि सरकार बदलने के लिए हमें बूथ स्तर तक मजबूत होना होगा। बंगाल चुनाव में ममता दीदी के साथ जो हो रहा है उससे कहीं ज्यादा यूपी चुनाव में हमारे साथ हो सकता है। ऐसे में मजबूत बनें।