नगर निगम की टीम ने नाली पर किया अतिक्रमण हटाया
- फोटो : अमर उजाला
मानसरोवर विकास समिति के पदाधिकारियों ने शनिवार कमिश्नर से मुलाकात कर मानसरोवर रेजिडेंट एसोशिएशन के महासचिव एवं सपा नेता डॉ. संजीव यादव पर स्वयं अतिक्रमण करने का आरोप लगाया। कमिश्नर के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने कॉलोनी में पहुंच कर रास्ते पर लगा उनका बोर्ड जहां उखाड़ दिया वहीं नाली पर अतिक्रमण कर नाली पर किये गए निर्माण को भी तोड़ दिया।
मानसरोवर कॉलोनी स्थित तरणताल, ऑडिटोरियम को लीज दिए जाने के मामले को लेकर होटल पैराडाइज के संचालक और मानसरोवर रेजिडेंट एसोशिएन के पदाधिकारियों में विवाद कई दिन से चल रहा है। इसी बीच होटल पैराडाइस के संचालक के समर्थन में दो दिन पहले ही मानसरोवर विकास समिति के पदाधिकारी मैदान में उतरे हैं।
मानसरोवर विकास समिति के महासचिव एसके सेठ और एसपी सिंह की अगुवाई में कुछ लोगों ने शनिवार कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह से मुलाकात की। इन पदाधिकारियों ने बताया कि वह लोग लंबे समय से कॉलोनी में रहते आ रहे हैं। आरोप लगाया कि कुछ वर्षों पहले आए कुछ लोग होटल संचालक को व्यक्तिगत लाभ के लिए परेशान कर रहे हैं।
यह भी बताया कि ऐसे लोगों द्वारा अनाधिकृत रूप से निर्माण आदि भी किया गया है। पदाधिकारियों ने मौके पर टीम भेज कर जांच कराने की मांग की। इस पर कमिश्नर ने नगर आयुक्त को टीम भेज कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। जिस पर टीम ने कॉलोनी पहुंच कर वहां डॉ. संजीव यादव चौराहा के नाम पर पार्क किनारे लगे बोर्ड को उखड़वा कर जब्त कर लिया। नाली पर किया निर्माण भी तोड़ दिया।
नगर आयुक्त संजय चौहान ने बताया कि अतिक्रमण की शिकायत पर एक टीम मान सरोवर भेजी गई थी। वहां कुछ मिले अतिक्रमण को हटवाया गया है। इस संबंध में एमआरडब्ल्यूए के महासचिव डॉ. संजीव यादव ने बताया कि नगर निगम की टीम मौके पर आई थी। टीम ने नाली आदि पर कुछ अतिक्रमण बताया जिसे मैंने अपने लोगों से ही तोड़वा दिया।