अपर नगर आयुक्त द्वितीय के चालक अतुलेश कुमार की मौत के मामले में पुलिस ने वार्ड सात की पार्षद पंकज शर्मा के बेटे अनुज शर्मा समेत तीन नामजद और आठ अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। इससे पहले चालक के परिजन और रिश्तेदारों ने पीएसी तिराहे पर एक घंटे जाम लगाकर कार्रवाई की मांग की।
सिविल लाइंस के वार्ड संख्या सात की पार्षद के बेटे के नाम मारपीट और हंगामे में सामने आ चुके हैं। करीब एक साल पहले पीएसी तिराहे पर दो युवतियों के साथ मारपीट हुई थी। इस मामले में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी।
इस मामले में पार्षद के बेटे अनुज शर्मा और उसके दोस्त अनुज यादव और नंदन नेगी के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई थी। इसके अलावा नवीन नगर में पानी की टंगी पर कार्यरत एक कर्मचारी के साथ मारपीट की गई थी। इस मामले में पार्षद के दूसरे बेटे आशुतोष शर्मा और उसके साथियों के नाम सामने आए थे। इस मामले में भी एनसीआर दर्ज की गई थी। हालांकि दोनों ही मामलों को बाद में पुलिस ने बंद कर दिया था।
कुछ लोगों ने जाम लगा दिया था। उन्हें समझाकर जाम खुलवा दिया है। तहरीर के आधार पर पार्षद के बेटे अनुज शर्मा, संजीव, कनिष्ठ शर्मा और आठ अज्ञात के खिलाफ हत्या, एससी एसटी एक्ट, बलवा, मारपीट, जान से मारने की धमकी देना समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिटी, अखिलेश भदौरिया