पिंजरे में फंसे तेंदुए का नया ठिकाना कानपुर चिड़ियाघर
कांठ क्षेत्र के गांव महदूद कलमी में 30 मार्च को घर में घुसकर दो साल की बच्ची को घायल करने के बाद पिंजरे में घिरे तेंदुए को कानपुर चिड़ियाघर पहुंचा दिया गया है। पकड़ में आने के बाद से वन विभाग ने उसे अब तक मुरादाबाद डियर पार्क में संरक्षण दिया था।
वन विभाग के मुताबिक जांच में यह नर तेंदुआ पाया गया। उसकी उम्र 12 वर्ष आंकी गई थी। उम्र अधिक हो जाने से उसके दांत काफी घिस चुके थे। रविवार को जरूरी कागजी औपचारिकताएं पूरी करके तेंदुए को कानपुर चिड़ियाघर की टीम के सुपुर्द कर दिया।
पाड़ला के पास पेड़ पर सोता हुआ तेंदुआ दिखने से मचा हड़कंप
ठाकुरद्वारा के गांव पाड़ला के पास पीपल के पेड़ पर एक तेंदुआ सोता हुआ हुआ मिला। जिसकी जानकारी मिलने पर आसपास के गांवों में भी हड़कंप मच गया। गांव लालपुर गोसाई निवासी कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अबरार सैफी शनिवार को बाइक से गांव पाड़ला से लौट रहे थे।
तभी उन्हें गांव के पास स्थित एक पीपल के पेड़ की डाल पर एक तेंदुआ लेटा हुआ दिखाई दिया। जो सो रहा था। अबरार सैफी ने बताया कि उन्होंने किसी तरह हिम्मत कर तेंदुए का फोटो अपने मोबाइल से खींच लिया। इसकी सूचना उन्होंने अपने गांव में जाकर भी दी।
आसपास के गांवों में भी तेंदुआ होने की सूचना फैलने से हड़कंप मच गया। गांव पाड़ला और मधुपुरी के आसपास तेंदुए की गतिविधियां इससे पहले भी देखी गई हैं। ग्रामीण काफी समय से तेंदुए की गतिविधियों पर अंकुश लगाने की मांग वन विभाग से कर रहे हैं।