मतगणना अब 30 राउंड में की जाएगी
मुरादाबाद जिले में मतगणना को 30 राउंड तक करने के लिए जिला प्रशासन ने आयोग को प्रस्ताव भेजा था। आयोग ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। एडीएम प्रशासन गुलाब चंद्र ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर चार जून को मंडी समिति में मतगणना की जाएगी।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए 14 टेबल और एक एआरओ का टेबल होगा। एक टेबल पर चार सुपरवाइजर, मतगणना सहायक सहित चार कर्मचारी तैनात रहेंगे। मतदेय स्थलों के अनुसार गिनती के लिए 36 राउंड तय किया गया था।
अब जिला प्रशासन ने मतगणना को 30 राउंड में ही समाप्त करने के लिए अलग टेबल लगाने का सुझाव दिया था। चुनाव आयोग ने इस सुझाव को स्वीकार कर लिया है।
अब कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर 30 राउंड में मतगणना कराई जाएगी। जिला प्रशासन ने मतगणना के लिए दो दिन में ड्यूटी में लगने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर दिया है।