मैकेनिक पर चाकू से हमला (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : सोशल मीडिया
कुंदरकी में खुद की शादी के दो दिन बाद परिचित के विवाह समारोह में शामिल होने गई युवती को एक सिरफिरे ने चाकू से हमला कर किया। गर्दन पर चाकू मारे जाने से नवविवाहिता गंभीर रूप से घायल हो गई। दुस्साहसी हमलावर भीड़ के बीच वारदात को अंजाम देकर चाकू लहराते हुए भागने में कामयाब हो गया।
यह वारदात नगर के मोहल्ला ख्वाजा नगर में मंगलवार रात करीब आठ बजे हुई। एक शादी समारोह चल रहा था। इस शादी में अपनी बहनों के साथ नवविवाहिता भी शामिल होने गई थी। वह बहनों के साथ पंडाल में ही बैठकर खाना खा रही थी। इस दौरान मोहल्ले में रहने वाला ऑटो चालक यासीन समारोह में घुस आया। उसने खाना खा रही नवविवाहिता की गर्दन पर पीछे से चाकू से वार कर दिया, जिसमें वह घायल हो गई। बचाव के दौरान उसकी बहन की हथेली जख्मी हो गईं। इस वारदात को अंजाम देकर आरोपी चाकू लेकर जंगल की ओर से भाग निकला।
कुछ युवकों ने उसकी तलाश भी की लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। घायल युवती को मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की मां का कहना है कि बेटी के गले का सोने का हार गायब है। थानाध्यक्ष ललित चौधरी का कहना है कि तहरीर मिल गई है। केस दर्ज किया जा रहा है। आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।