कोरोना वायरस से बचाव के लिए उत्तर प्रदेश के 17 जिलों में लॉकडाउन घोषित कर दिया गया है। इसके तहत किसी को भी बिना आवश्यक काम के घरों से बाहर निकलने या घूमने फिरने की अनुमति नहीं है। मुरादाबाद भी उन्हीं जिलों में शामिल है जहां लॉकडाउन घोषित किया गया है।
ऐसे में मुरादाबाद के ईदगाह मैदान में नागरिकता कानून के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन को खत्म करवा दिया गया है। मंगलवार सुबह पुलिस ने ईदगाह मैदान के धरनास्थल को खाली करवा कर प्रदर्शन खत्म कराया।
मालूम हो कि इससे पहले दिल्ली के शाहीन बाग और अलीगढ़ के शाहजमाल में चल रहे धरना प्रदर्शन को भी खत्म कराया गया। रामपुर के डीएम ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया कि शासन स्तर से प्राप्त निर्देशों के क्रम में अग्रिम आदेशों तक जनपद रामपुर में लॉक डाउन घोषित किया गया है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों में परिवार के साथ ही रहें और बाहर न जायें। उनके अलावा डीएम मुरादाबाद ने भी ट्वीट किया है कि लॉकडाउन के दौरान आवश्यक सेवाओं में लगे व्यक्तियों के अतिरिक्त यदि कोई घर से बाहर निकालता है या भीड़ लगाता है तो किसी भी वजह से किसी प्रकार की शिकायत का हकदार नहीं होगा। इसलिए प्रशासन को सहयोग करें।