घर के बाहर साफ-सफाई कर रही आशा कार्यकत्री को मारी मार दी गई। जिसमें महिला घायल हो गई। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के पीछे पति-पत्नी में भूमि विवाद की बात सामने आई है। बेटे ने अपने पिता और दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जिसमें आरोप लगाया कि जमीन के विवाद में पति ने ही गोली चलवाई है। मामला कांठ थाना क्षेत्र के गांव मुजफ्फरपुर टांडा का है। यहां की रहने वाली पुष्पा देवी (53) पत्नी हरिओम सिंह गांव में ही आशा कार्यकत्री है। बुधवार की सुबह करीब पौने छह बजे वह घर के बाहर साफ-सफाई कर रही थी।
इसी बीच दो अज्ञात युवक आ गए। जिनमें से एक ने हेलमेट पहना था तो दूसरे ने कपड़े से चेहरा ढका हुआ था। इन्होंने झाडू लगा रही आशा पुष्पा देवी पर फायर झोंक दिया। गोली सीने में लगने की वजह से वह घायल हो गई। फायर की आवाज सुनकर पुष्पा का बड़ा बेटा धर्मेंद्र घर से बाहर आया तो उसकी मां लहूलुहान हालत में थी।
वह तुरंत उसे इलाज के लिए मुरादाबाद ले गया और निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वारदात की सूचना मिलने पर कांठ पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। इधर एएसपी व सीओ कांठ अभिनव द्विवेदी, थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह ने भी मौका मुआयना किया। फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
इस मामले में आशा कार्यकत्री के बेटों ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उनके पिता हरिओम छोटे बेटे हरित कुमार के मकान में अलग रहते हैं और मां पुष्पा देवी बड़े बेटे धर्मेंद्र के साथ रहती है। मां के नाम 30 बीघा जमीन है, जिसके बंटवारे को लेकर पिता का मां से विवाद रहता था।
आरोप है कि इसी को लेकर पिता उनकी मां से रंजिश रखते हैं। बेटों का आरोप है कि वारदात में शामिल दोनों अज्ञात युवक पहले उनके पिता के पास आए और उसके बाद उनकी मां को गोली मारकर पिता सहित तीनों मौके से भाग गए।
थाना प्रभारी कांठ सुदेश पाल सिंह ने बताया कि इस मामले में तहरीर के आधार पर महिला के पति व दो अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। जांच में पति-पत्नी के बीच जमीन का विवाद सामने आया है, आरोपियों की तलाश की जा रही है।