गर्मी में ओवरलोडिंग के कारण शहर में जगह-जगह एबी तार जल गए। इस कारण कई मोहल्लों में बिजली गुल रही। पाकबड़ा में खंभे के आसपास तारों में लगी आग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसके बावजूद विद्युत निगम अलर्ट नहीं हुआ। शाम सात बजे गुल हुई बिजली देर रात तक नहीं आई।
पीवीवीएनएल की एमडी के आदेश पर विद्युत निगम के आला अधिकारियों ने रात में बिजलीघरों पर घूमकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य अभियंता आरके बंसल ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ टैक्सी स्टैंड, टाउनहॉल आदि बिजलीघरों में रात 10 बजे के बाद चेकिंग की।
उनका कहना है कि अकसर लोगों की शिकायत आती है कि रात में बिजलीघर के फोन नहीं उठते। इसलिए वहां पहुंचकर अधिकारी ने अनजान नंबर से स्टाफ को कॉल लगाकर भी देखा। उस समय स्टाफ का फोन उठ गया। उन्होंने जेई व एसडीओ को निर्देश दिए कि 24 घंटे अपने सीयूजी नंबर ऑन रखें।