मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे से सटे कुंदरकी थाना क्षेत्र के गांव नानपुर में शनिवार देर रात कोल्हू संचालक बुजुर्ग की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात भाजपा के रतनपुर कला मंडल कार्यालय के बगल में हुई। बुजुर्ग का लहूलुहान शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से मामले की जानकारी ली।
नानपुर निवासी करन सिंह (65) गांव में कोल्हू का संचालन करते थे। इसके अलावा वह रात के समय बिजलीघर में चौकीदारी का काम भी करते थे। रात को वह घर में सो रहे थे। इस बीच उनकी चाकू व धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं।
रविवार सुबह जब परिजनों की नजर करन सिंह पर पड़ी तो वह खून से लथपथ पड़े थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर कुंदरकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। घटना की सूचना मिलने पर एसपी देहात भी गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।
परिजनों ने किसी से भी पुरानी रंजिश होने से इनकार किया है। ऐसे में हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। एसपी देहात ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। कई टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया है।