मुरादाबाद। उत्तर रेलवे की अंतरमंडलीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता के तहत आयोजित नाटक प्रतियोगिता में मुरादाबाद मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। लखनऊ स्थित आरडीएसओ प्रेक्षागृह में आयोजित प्रतियोगिता में रेलवे के विभिन्न मंडलों की 10 टीमों ने भाग लिया और अपनी नाट्य प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कड़े मुकाबले के बाद राकेश बलोदी के निर्देशन में मुंशी प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानी सदगति पर आधारित मुरादाबाद मंडल के नाटक को प्रथम पुरस्कार मिला। प्रतियोगिता में लखनऊ मंडल दूसरे और जगाधरी मंडल तीसरे स्थान पर रहा। मुरादाबाद मंडल की कलाकार कुमारी महक मेहरा को उनके प्रभावशाली अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनकी प्रस्तुति को निर्णायकों ने विशेष रूप से सराहा। पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडेय और प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी सुजीत कुमार मिश्रा ने विजेता कलाकारों को पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए। ब्यूरो