चोरी में दो सगे भाइयों समेत तीन को दबोचा
कटघर थाना क्षेत्र की श्यामनगर कॉलोनी में चालक के घर में चोरी करने वाले तीन चोरों को पुलिस ने पकड़ लिया। इनमें से दो सगे भाई हैं। पुलिस ने आरोपियों से सामान भी बरामद कर लिया। एसपी सिटी ने कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि कटघर के श्याम नगर कॉलोनी निवासी झुन्नीलाल यादव के घर एक सप्ताह पहले चोरी की घटना हुई थी।
चोर घर से नकदी और सोने चांदी के जेवर ले गए थे। एक कंपनी में गाड़ी चलाने वाले झुन्नी लाल की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आस पड़ोस के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे वारदात को अंजाम देने वालों की पहचान हो गई।
फुटेज के आधार पर पुलिस ने संभल के हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव कैली निवासी पीकेश, उसके भाई दुर्गेश और मुनेश को गिरफ्तार कर किया है। पुलिस ने इनसे 20,100 रुपये नकदी और सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिए। बृहस्पतिवार शाम पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
ट्रेन में यात्री को मारा ब्लेड, महिला को पकड़ा
आनंदविहार से दानापुर जा रही जनसाधारण एक्सप्रेस में पान मसाला बेच रही महिला ने यात्रियों से बदसलूकी की। एक यात्री ने पान मसाला बेचने से मना किया तो उसने गाली -गलौज की। डांटने पर एक यात्री की जेब से रुपये निकालने व मोबाइल छीनकर भागने लगी।
लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की एक यात्री के हाथ में ब्लेड मारकर भाग निकली। घायल यात्री ने जीआरपी मुरादाबाद से शिकायत की। तहरीर के आधार पर जीआरपी ने चाऊ की बस्ती की निवासी आरोपी महिला खुशमिना को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
बोलेरो की टक्कर से भाजपा नेता घायल
मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम नानपुर में प्राथमिक विद्यालय के पास से तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में कुंदरकी से गांव नानपुर लौट रहे बाइक सवार रतनपुर कला निवासी भाजपा मंडल उपाध्यक्ष राजीव राजपूत घायल हो गए। उन्हें मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने बोलेरो की घेराबंदी कर पकड़ ली है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से रिपोर्ट दर्ज करने को अभी तहरीर नहीं मिली है।