बिलारी में विद्युत संविदा कर्मी की पेड़ों की टहनी काटते वक्त गिरने से माैत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों ने एसडीओ और अन्य के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई होगी।
बिलारी तहसील के सहसपुर विद्युत उपखंड में आने वाले सफीलपुर विद्युत उपकेंद्र के निकट सोमवार को पेड़ों की टहनी काटते समय नीचे गिरने से संविदा कर्मी मनोज राजभर (40) की मौत हो गई। विद्युत कर्मी अन्य साथियों के साथ जेसीबी की मदद से पेड़ों की टहनी काट रहा था।
विज्ञापन
संविदा विद्युत कर्मी सिर के बल नीचे गिरकर बेहोश हो गया। साथी विद्युत कर्मी निजी वाहन से इलाज के लिए बिलारी के सरकारी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों के मृत घोषित करने के बाद वहां से खिसक गए। चिकित्सक ने थाना बिलारी को मेमो भेज कर इसकी सूचना दी।
पुलिस की सूचना पर खंडवा के ग्राम प्रधान और मृतक के परिजन सरकारी अस्पताल पहुंचे। ग्रामीणों ने अस्पताल में एसडीओ और अवर अभियंता के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। दोनों पर काम कराने के दौरान लापरवाही का आरोप लगाया।
विज्ञापन
थाना बिलारी प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। मनोज राजभर कई वर्षों से संविदा कर्मी के रूप में कार्य कर रहा था। परिवार में पत्नी पार्वती के अलावा दो बेटी वंशिका और वंदना तथा दो बेटे रजत और लकी हैं।