मुरादाबाद के जिला खनन अधिकारी के लिए रिश्वत ले रहे बाबू शाहरूख पाशा को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रंगेहाथ दबोच लिया। कार्रवाई के बीच खनन अधिकारी मौके से भाग गया। उसके खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मुरादाबाद के जिला खनन अधिकारी राहुल सिंह के लिए 20 हजार रुपये रिश्वत ले रहे बाबू शाहरूख पाशा को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रंगेहाथ दबोच लिया। खनन अधिकारी ने खनन का अनुमति पत्र और ऑनलाइन पोर्टल का आईडी-पासवर्ड देने के लिए तीन लाख रुपये रिश्वत मांगी थी।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही शिकायतकर्ता मोहम्मद रफी ने रिश्वत की रकम संविदा पर तैनात बाबू को दी तुरंत टीम ने उसे दबोच लिया। इसी बीच खनन अधिकारी मौके से भाग गया। उसके खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। मूंढापांडे के बुजपुर आशा निवासी मोहम्मद रफी ने कांठ रोड स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो कार्यालय में शिकायत की थी।
जिसमें बताया था कि उन्होंने खनन के लिए पर्यावरण निदेशालय लखनऊ के कार्यालय में ऑनलाइन आवेदन किया था। लखनऊ से अनुमति मिलने के बाद जिला खनन अधिकारी को उसी आदेश के आधार पर अनुमति पत्र और ऑनलाइन पोर्टल का आईडी-पासवर्ड देना था।
विज्ञापन
मोहम्मद रफी ने जिला खनन अधिकारी राहुल सिंह से संपर्क किया तो उन्होंने तीन लाख रुपये रिश्वत मांगी। कई बार मुलाकात के बाद जिला खनन अधिकारी ने संविदा पर तैनात बाबू शाहरूख पाशा को रकम देने को कहा। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे मोहम्मद रफी 20 हजार रुपये लेकर कलक्ट्रेट स्थित जिला खनन अधिकारी कार्यालय में पहुंच गए।
उन्होंने शाहरूख को 20 हजार रुपये दिए और कहा कि दो लाख रुपये लेकर भाई आ रहा है। इसी दौरान इंस्पेक्टर नवल मारवाह के नेतृत्व में एंटी करप्शन की टीम मौके पर पहुंची और शाहरूख को दबोच लिया। टीम उसे सिविल लाइंस थाने लेकर पहुंची।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि एंटी करप्शन ब्यूरो के इंस्पेक्टर की तहरीर पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में गिरफ्तार किए गए बाबू और जिला खनन अधिकारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।