मुरादबाद के सर्किट हाउस में राष्ट्रीय पोषण माह में बच्चे को खीर खिलाते जनपद प्रभार मंत्री महेंद?
मुरादाबाद। प्रभारी मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने शुक्रवार को जिले के विकास के आंकड़े मीडिया के सामने रखकर दावा किया कि बहुत जल्द मुरादाबाद विकास के मामले में प्रदेश में नंबर एक पर होगा। मुरादाबाद में सरकारी विश्वविद्यालय नहीं होने के मुद्दे पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि वह इसके लिए प्रयास कर रहे हैं। आने वाले दिनों में मुरादाबाद को सरकारी विवि जरूर मिलेगा। भ्रष्टाचार के तीन - तीन मुकदमे झेल रहे मुरादाबाद के पूर्व डीएम जुहैर बिन सगीर पर कार्रवाई के मामले में मंत्री ने कहा कि मामला अभी तक उनकी जानकारी में नहीं है।
सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता में प्रभारी मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने आजम खां और स्वामी चिन्मयानंद की बाबत पूछे गए सवालों को टाल गए। मुरादाबाद के हस्तशिल्प उद्योग पर पड़ी मंदी की मार पर भी उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। जिले में विकास के आंकड़े गिनाते हुए मंत्री ने कहा कि मुरादाबाद में 59756 किसानों का 322 करोड़ रुपये का ऋण माफ किया गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ जिले के 201497 किसानों को दिया गया है। मंत्री ने कहा कि जिले में किसानों का पिछले साल का 1003 करोड़ रुपये का गन्ना बकाया भुगतान करने के साथ ही मिलों से वर्तमान पेराई सत्र का 800 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान कराया जा चुका है। जो बाकी बचा है उसे 30 सितंबर तक करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गौवंश की रक्षा के लिए छह कांजी हाउस बनाए गए हैं, जिनमें 400 गायों को रखा गया है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 2123 जोड़ों का विवाह कराया गया है और जिले के 37338 लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन दी जा रही है। इस दौरान जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, शहर विधायक रितेश गुप्ता, कांठ विधायक राजेश सिंह उर्फ चुन्नू, एमएलसी डा. जयपाल सिंह व्यस्त, बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डा. विशेष गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम शर्मा आदि मौजूद रहे।