जीएसटी रिटर्न फाइल करने में अक्तूबर माह के दौरान मुरादाबाद जोन के कारोबारियों ने प्रदेश में फिर प्रथम स्थान हासिल कर लिया है। प्रदेश में कानपुर को दूसरा, अलीगढ़ को तीसरा और सहारनपुर को चौथा स्थान मिला है।
राज्य कर विभाग के अनुसार मुरादाबाद जोन में 64 हजार 725 व्यवसायियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 34 हजार 927 व्यवसायी जीएसटी रिटर्न भरने के योग्य हैं। अक्तूबर माह में 33 हजार 338 व्यवसायियों ने जीएसटी रिटर्न भर दिया है। अपर आयुक्त ग्रेड -1 कमलेश्वर प्रसाद वर्मा ने बताया कि जोन के 95.92 प्रतिशत कारोबारियों ने रिटर्न फाइल कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है जो सराहनीय है।
फिर भी 1599 व्यवसायियों ने अभी रिटर्न नहीं भरा है। रिटर्न नहीं भरने वाले 4.58 प्रतिशत हैं। इन व्यवसायियों को राज्य कर विभाग की तरफ से नोटिस जारी कर रिटर्न नहीं भरने के कारणों के बारे में पूछा जाएगा। प्रदेश के फाइल नहीं करने वालों का औसत 5.76 है। प्रदेश में दूसरे नंबर पर कानपुर में रिटर्न नहीं भरने वाले 4.64 प्रतिशत हैं। लखनऊ जोन रिटर्न भरने में सबसे पीछे रहा है। इसके पहले भी मुरादाबाद के कारोबारी जीएसटी का रिटर्न भरने में प्रदेश में पहले भी अव्वल रहे हैं।