मुरादाबाद पुलिस कर रही जांच (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
मझोला थाना क्षेत्र के जयंतीपुर में बाइक से जा रहे युवक पर अन्य युवकों ने कोल्डड्रिंक की बोतल फेंक दी, जिससे वह लड़खड़ा कर गिर गया। उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट। युवक को बचाने आए उसके पिता पर भी आरोपियों ने हमला बोल दिया। इस दौरान मौके पर भीड़ जुटी तो लोगों ने छतों से पथराव कर दिया।
इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मझोला थाना क्षेत्र के जयंतीपुर निवासी मोहम्मद शरीफ ने पुलिस को बताया कि सोमवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे उनका बेटा अल्तमश ईद मनाने के बाद बाइक में पेट्रोल भरवाने पंप पर जा रहा था।
रास्ते में मस्जिद के पास कुछ युवक खड़े होकर कोल्डड्रिंक पी रहे थे। इसमें कासिम और अब्दुल्ला भी शामिल थे। मो. शरीफ का आरोप है कि कासिम और अब्दुल्ला ने उसके बेटे के ऊपर बोतल फेंक दी, जिससे उसकी बाइक गिर गई। अल्तमश ने विरोध किया तो आरोपी भड़क गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
माैके पर नासिर और राशिद भी आ गए और उन दोनों ने भी मारपीट की। मोहम्मद शरीफ अपने बेटे को बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला बोल दिया। शोर सुनकर मोहल्ले के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने छतों से भी पत्थर फेंके।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद आरोपी घरों में छिप गए। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर कासिम, अब्दुल्ला, नासिर और राशिद के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बकाया मांगने पर दुकानदार को पीटा
सिविल लाइंस में पुलिस क्लब के पास इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान चलाने वाले आयुष रस्तोगी ने दौलत बाग निवासी राजीव रुहेला के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पीड़ित ने बताया कि आरोपी पर उसके सात हजार रुपये बकाया हैं। उससे रकम मांगी तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर मारपीट कर उसे घायल कर दिया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।