मुरादाबाद के मंडलायुक्त ने रिलायंस इलेक्ट्रिक वर्क कंपनी को 15 अगस्त से पहले बुध बाजार में बिजली का अंडरग्राउंड काम पूरा करने के लिए सख्त निर्देश दिए। कहा कि विद्युत खंभों और केबल को हटाने का कार्य भी पूरा होना चाहिए। कंपनी को काम पूरा करने के लिए दो दिन में कार्ययोजना प्रस्तुत करनी होगी।
अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम की बुलडोजर चलाने की चेतावनी से डरे जीएमडी रोड के दुकानदारों ने शुक्रवार को मंडलायुक्त से मुलाकात की। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि नाले पर किसी को कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। दुकानदारों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से कोई कार्रवाई नहीं होगी।
व्यापारी सुरक्षा फोरम के व्यवसायियों ने विजय मदन के नेतृत्व में मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल मंडल ने बताया कि स्मार्ट सिटी के कार्यों से व्यापारी काफी परेशान हैं। सड़क के साथ व्यापार भी प्रभावित हुआ है। अब अतिक्रमण विरोधी अभियान से दुकानदार डरे हुए हैं।
मंडलायुक्त ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि किसी को भी अनावश्यक रूप से नगर निगम के अधिकारी परेशान नहीं करेंगे। एक दिन भी किसी का कारोबार प्रभावित नहीं होगा। मुख्य बाजार में पार्किंग और शौचालय, जगह-जगह जलभराव की समस्या का भी स्थायी समाधान किया जाएगा।
बुध बाजार में पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए व्यापारियों से भी राय ली जाएगी। पानी निकासी के लिए नाले की जरूरत है, इसलिए नाले पर किसी का कब्जा नहीं रहेगा। बैठक में अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, अजय नारंग, नितिन राज, संदीप मेहता, अशोक रहेजा, नीरज गुप्ता, सुनील कुमार गुलाटी, संदीप बजाज आदि व्यापारी नेता उपस्थित रहे।