मझोला क्षेत्र के एक गिरोह ने मूंढापांडे क्षेत्र के रहने वाले इस्लाम अली का अपहरण कर लिया। गिरोह ने इस्लाम का एक महिला के साथ अश्लील फोटो खींचकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने की कोशिश की लेकिन पुलिस की टीम ने गिरोह के सरगना और महिला सहित चार सदस्यों को धर दबोचा। साथ ही अपहृत इस्लाम को मुक्त कराया।
पुलिस अधिकारियों के समक्ष आरोपियों ने अपहरण और फिरौती के संबंध में काफी जानकारियां दी हैं। पुलिस के रडार पर अभी कई अन्य लोग हैं। गिरोह के सरगना ने कबूल किया कि ग्यासुद्दीन और अब्दुल रहीम टायर पंक्चर लगाने का काम करते हैं।
आसिम उर्फ सोनू और सानिया ने कम दिनों में अधिक कमाई का सपना दिखाकर गिरोह को खड़ा किया था। ग्यासुद्दीन की मोटर साइकिल से इस्लाम अली को उसके घर से बुलाकर लाया गया था। अंसार और साजिया के घर पर बंधक बनाकर अमीर लोगों को रखा जाता था।
सानिया बेहद शातिर है। पिछले सप्ताह वह सिविल लाइंस पुलिस से किसी मामले को लेकर भिंड़ गई थी। पुलिस ने उसका शांतिभंग में चालान भी किया था। सीओ सिविल लाइंस ने बताया कि गिरोह के बारे में और छानबीन कराई जाएगी। आसिम के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास पुलिस खंगाल रही है।