कुल 99 दिनों तक हुई उड़ान, 86 दिनों से बंद
मुरादाबाद से लखनऊ के लिए शुरू हुई हवाई सेवा 99 दिनों तक बहाल रही। 99 दिनों में 45 दिन उड़ान भरी गई। लेकिन इससे ज्यादा दिनों तक फ्लाइट बंद रहेगी। फिलहाल 17 नवंबर 2024 से उड़ान बंद है। जो 15 मार्च तक जारी रहेगा। ऐसे में 86दिनों से बंद हवाई सेवा अभी 33 दिन और बहाल नहीं हो सकी है।
जुलाई-अगस्त में बारिश बनेगी बाधा
एएआई व फ्लाई बिग कंपनी 15 जुलाई से फ्लाइट संचालित करने का दावा कर रहे हैं। जबकि जुलाई-अगस्त में बारिश उड़ान में बाधा बनेगी। विभागीय जानकारों का मानना है कि अब फ्लाइट का संचालन लंबे समय के लिए टल सकता है। सितंबर-अक्तूबर के बाद फिर कोहरा पड़ने लगेगा।
मुरादाबाद एयरपोर्ट पर एडवांस लैंडिंग सिस्टम न होने के कारण फिर संचालन बंद हो जाएगा। जब तक कोहरे में कम दृश्यता के बावजूद फ्लाइट की लैंडिंग कराने के लिए एएलएस नहीं लगेगा, तब तर यात्रियों को लगातार फ्लाइट उपलब्ध नहीं हो पाएगी। एएलएस लगने के बाद 500 मीटर दृश्यता में भी विमान उतारा जा सकता है।
लखनऊ एयरपोर्ट पर रनवे विस्तार के कारण मुरादाबाद से फ्लाइट का संचालन 15 जुलाई तक नहीं हो पाएगा। यात्रियों को इसकी सूचना दी जा रही है। मुरादाबाद से बेस फेयर 999 होने के कारण काफी यात्री लगातार सफर करते हैं।
- आशीष पाल, एयरपोर्ट डायरेक्टर
एक नजर हवाई सेवा पर
- 10 मार्च 2024 को हुआ था उद्घाटन
- 10 अगस्त 2024 को भरी गई पहली उड़ान
- 17 नवंबर 2024 से हवाई सेवा बंद
- 15 मार्च 2025 तक कोहरे के कारण फ्लाइट निरस्त
तेंदुए को रोकने के लिए लगाई ग्रिल
एयरपोर्ट पर दो बार तेंदुआ प्रवेश कर चुका है। हालांकि दोनों बार वन विभाग की टीम ने पिंजरा लगाकर उसे पकड़ लिया। अब पिछले 15 दिन से एयरपोर्ट पर तेंदुए की हलचल नहीं हुई है। एयरपोर्ट पर कैमरों से लगातार निगरानी हो रही है। साथ ही सभी प्रवेश गेट के नीचे लोहे की ग्रिल लगा दी गई है। पक्षियों का रनवे पर प्रवेश रोकने के लिए भी पटाखे आदि छोड़े जा रहे हैं।