चित्रकूट के लिए भी शुरू हो सकती है उड़ान
लखनऊ व कानपुर के लिए हवाई सेवा शुरू होने के बाद चित्रकूट के लिए भी विमान उड़ सकते हैं। इसके लिए एएआई योजना तैयार कर रहा है। चूंकि मुरादाबाद के अलावा चित्रकूट हवाई अड्डे से भी विमान कानपुर के लिए आवागमन करेंगे ऐसे में कानपुर जाने वाले यात्री वहां से चित्रकूट के लिए फ्लाइट ले सकते हैं। इस मुद्दे पर विचार विमर्श चल रहा है। मुरादाबाद से उड़ान सफल हुई तो भविष्य में मुंबई व बेंगलुरु के लिए भी सेवा शुरू हो सकती है।
सबसे बड़ा है मुरादाबाद का रनवे
प्रदेश के नवनिर्मित पांचों घरेलू उड़ान वाले हवाई अड्डों में मुरादाबाद रनवे सबसे बड़ा है। पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के मुताबिक अलीगढ़ एयरपोर्ट का रनवे 1448 मीटर लंबा व 25 मीटर चौड़ा है। आजमगढ़ हवाई अड्डे का रनवे 1499 मीटर लंबा व 23 मीटर चौड़ा है। चित्रकूट हवाई अड्डे का रनवे 1302 मीटर लंबा व 23 मीटर चौड़ा है। श्रावस्ती हवाई अड्डे का रनवे 1351 मीटर लंबा व 22 मीटर चौड़ा है। जबकि मुरादाबाद हवाई अड्डे का रनवे 2112 मीटर लंबा व 30 मीटर चौड़ा है।
आइए जानें अपने हवाई अड्डे को
- स्वामित्व - एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया
- भूमि - 52 हेक्टेयर
- यात्री क्षमता - 50 यात्रियों का बैठने का स्थान
- निर्माण में लागत - 28.93 करोड़
- रनवे की लंबाई - 2112 मीटर
- रनवे की चौड़ाई - 30 मीटर
- लाइसेंस मिला - 17 नवंबर 2023
- विमानों का प्रकार - डीएचसी-6 400 ट्विन ऑटर
- सेवा प्रदाता कंपनी - फ्लाई बिग (बिग चार्टर)
हवाई अड्डे की प्रस्तावित तारीख फरवरी 25 फरवरी है। तय तारीख की घोषणा शासन स्तर से की जाएगी। हम लोकार्पण के लिए व्यवस्था बना रहे हैं। निजी कंपनी की तैयारियां भी पूर्णता की ओर हैं। - अमरजीत सिंह, एयरपोर्ट डायरेक्टर