मुरादाबाद में कक्षा छह के छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मां बच्चे को घर में बंदकर काम करने चली गई थी। शाम को लौटने पर उसने बेटे को पंखे पर लटका पाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है।
मुरादाबाद कोतवाली क्षेत्र में शनिवार की शाम कक्षा छह के छात्र (11) को मां ने खेलने से रोका तो उसने फंदे पर लटककर जान दे दी। महिला बेटे को कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगाकर दूसरों के घरों में काम करने चली गई थी। शाम छह बजे महिला लौटी तो बेटा फंदे पर लटका हुआ था।
विज्ञापन
महिला की चीखपुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग आ गए। बच्चे को फंदे से उतार कर अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ले में रहने वाली महिला का 11 वर्षीय बेटा बुधबाजार स्थित स्कूल में कक्षा छह में पढ़ाई करता था। महिला दूसरों के घरों में काम करती हैं जबकि उसका पति मजदूरी करते हैं।
महिला का मायका भी पड़ोस में ही है। बेटा स्कूल से आने के बाद अपनी नानी के घर खेलने चला जाता था। शनिवार को पिता मजदूरी करने गए थे। शनिवार दोपहर दंपती का बेटा छुट्टी के बाद स्कूल से घर लौटा तो वह खाना खाने के बाद फिर से अपनी नानी के घर खेलने जाने लगा।
विज्ञापन
मां ने उसे डांट दिया और पढ़ाई करने के लिए कहा। इसके बाद महिला बेटे को घर छोड़कर दूसरों के घरों में काम करने चली गई। बेटा फिर से खेलने न चला जाए। यही सोचकर महिला ने दरवाजा बाहर से बंद कर कुंडी लगा दी। शाम करीब छह बजे महिला घर लौटी और उसने दरवाजा खोलकर देखा तो दुपट्टे जरिए पंखे से लटका हुआ था।
महिला की चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग आ गए। इसके बाद बच्चे को फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया जा रहा है।