इनके परिवार के सदस्य नौकरी, कारोबार या अन्य कारणों से दूसरे शहरों, प्रदेशों और विदेश में रहते हैं। बुजुर्गों की दिनचर्या, पारिवारिक स्थिति और अकेलेपन की जानकारी जुटाकर साइबर अपराधी उन्हें निशाना बनाने की कोशिश करते हैं। पहले पुलिस बुजुर्गों को इस लिए जागरूक करती थी कि अंजान लोगों के लिए दरवाजा न खुलें लेकिन अब चोर बदमाशों से ज्यादा साइबर अपराधी बुजुर्गाें के दुश्मन बन गए हैं। वह फोन के जरिए सीधे बुजुर्गों को डराते हैं।
फोन पर खुद को सीबीआई, पुलिस, नारकोटिक्स विभाग या अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बताते हैं। इसके बाद किसी आपराधिक गतिविधि में नाम आने, आधार कार्ड या मोबाइल नंबर का इस्तेमाल गलत काम में होने और परिवार के किसी सदस्य के गिरफ्तार होने की बात कहकर दबाव बनाते हैं।
वीडियो कॉल पर वर्दी दिखाकर करते हैं डिजिटल अरेस्ट
साइबर अपराधी वीडियो कॉल पर पुलिस की वर्दी, सरकारी कार्यालय और फर्जी दस्तावेज दिखाकर बुजुर्गों का भरोसा जीतते हैं। उन्हें बताया जाता है कि वह जांच के दायरे में हैं और किसी से बात करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। कई बार घर से बाहर नहीं निकलने और लगातार वीडियो कॉल पर बने रहने की हिदायत दी जाती है। इसी दौरान बैंक खाते की जानकारी, जमा पूंजी और ऑनलाइन लेनदेन के लिए दबाव बनाया जाता है।
पुलिस ने परिवारों को भी किया सतर्क
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि साइबर और सिविल थानों की पुलिस ऐसे परिवारों से संपर्क कर रही है, जिनके बुजुर्ग सदस्य घर में अकेले रहते हैं। परिवार के लोगों को समझाया जा रहा है कि वह बुजुर्गों से नियमित फोन पर बात करें। उन्हें बताएं कि कोई भी पुलिस अधिकारी या जांच एजेंसी फोन अथवा वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट नहीं कर सकती। किसी अनजान व्यक्ति की धमकी से डरने या उसे बैंक, आधार, पैन और निजी जानकारी देने की जरूरत नहीं है।
बाहर रहने वाले लोग बुजुर्गों से करें नियमित बात
साइबर एक्सपर्ट प्रशांत सिंह का कहना है कि बुजुर्गों की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। परिवार के सदस्यों को भी उनकी डिजिटल सुरक्षा की जिम्मेदारी उठानी होगी। रोज कुछ मिनट की बातचीत, संदिग्ध फोन की जानकारी साझा करने की आदत और समय-समय पर साइबर सुरक्षा की जानकारी देना ठगों के मंसूबों पर पानी फेर सकता है।
बुजुर्ग और परिवार इन बातों का रखें ध्यान
- फोन या वीडियो कॉल पर कोई आपको गिरफ्तार नहीं कर सकता। डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है।
- कोई खुद को पुलिस, सीबीआई, ईडी या अन्य एजेंसी का अधिकारी बताए तो उसकी बातों में न आएं।
- किसी को भी ओटीपी डेबिट कार्ड का पिन, यूपीआई पिन और बैंक संबंधी जानकारी नहीं बताएं।
- दूसरे शहर या देश में रहने वाले परिजन रोज बुजुर्गों से बात करें। संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत जानकारी लें।
- घर के पास रहने वाले किसी रिश्तेदार, पड़ोसी और स्थानीय पुलिस का नंबर बुजुर्गों के पास उपलब्ध होना चाहिए।