मुरादाबाद। आईपीएल 2025 में भी मुरादाबाद की गेंदबाजी की धार दुनिया देखेगी। शहर के मध्यम गति के गेंदबाज मोहसिन खान को लखनऊ सुपरजायंट्स ने चार करोड़ रुपये में रिटेन किया है। टीम के शुरुआती सदस्यों में शामिल होकर मोहसिन की खुशी का ठिकाना नहीं है। उन्होंने दिवाली के मौके पर टीम की नई जर्सी मिलने पर कोच व परिजनों के साथ उत्सव मनाया।
मोहसिन ने कहा कि मेरी तो शुरुआत ही इस टीम से हुई है। लखनऊ सुपरजायंट्स मेरे लिए टीम नहीं, बल्कि परिवार है। मेरे मुश्किल वक्त में भी टीम ने मुझे नहीं छोड़ा और सबने बहुत हौसला दिया। पिछले चार साल से मोहसिन खान लखनऊ सुपरजायंट्स से टीम से जुड़े हैं। पिछले दो सीजन उनके लिए बेहतरीन रहे हैं। उन्होंने मैदान में तब चौंकाने वाला प्रदर्शन किया जब उनके पिता आईसीयू में भर्ती रहे।
2022 में मुंबई के खिलाफ लखनऊ का वह मैच सबको याद है, जिसमें आखिरी ओवर में मोहसिन ने 11 रन नहीं बनाने दिए थे। वह टीम के लिए शुरुआती विकेट निकालने वाले गेंदबाज के रूप में उभरे हैं। यही वजह रही कि लखनऊ की टीम ने एक बार फिर उन पर बड़ा दांव लगाया है। शुक्रवार को मोहसिन ने दिल्ली में आईपीएल से संबंधित एक बैठक में भी हिस्सा लिया।
-
पीयूष चावला और मो. शमी के भी खेलने की संभावना
आईपीएल 2025 में मंडल के स्टार गेंदबाज मो. शमी के खेलने की पूरी संभावना है। पिछले सीजन में शमी गुजरात की ओर से खेले थे। इस बार भी इसी टीम के लिए मैदान पर खेलते दिख सकते हैं। परिजनों के मुताबिक फिलहाल वह सर्जरी से उबरने के बाद बंगलूरू में पसीना बहा रहे हैं। वहीं टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज गेंदबाज मुरादाबाद निवासी पीयूष चावला एक बार फिर अपनी फिरकी का जादू बिखरने की फिराक में हैं। उन्होंने यूपी टी-20 लीग में भी हिस्सा लिया था। आईपीएल के पिछले दो सीजन में वह मुंबई इंडियंस के लीडिंग विकेट टेकर रहे हैं। मो. शमी व पीयूष चावला नीलामी में हिस्सा लेंगे।