मुरादाबाद। पद्मावत एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सवार चार यात्री जहरखुरानी का शिकार हो गए। नशीली चाय पिलाकर चोर ने चारों के मोबाइल व करीब 8500 रुपये चोरी कर लिए। जब होश आया तो चारों प्रतापगढ़ जीआरपी थाने में थे। वहां उनकी रिपोर्ट दर्ज की गई, जिसे मुरादाबाद जीआरपी भेजा गया है।
एक अप्रैल को रात सवा 11 बजे दिल्ली से प्रतापगढ़ जा रही पद्मावत एक्सप्रेस मुरादाबाद स्टेशन पर रुकी थी। ट्रेन की जनरल बोगी में कुशीनगर निवासी अभिषेक, चौबेपुर अमेठी निवासी सुनील तिवारी, कोतवाली देहात सुल्तानपुर निवासी सुनील कुमार व प्रतापगढ़ निवासी अमरपाल सवार थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि मुरादाबाद स्टेशन पर एक वेंडर ट्रेन में चढ़ा। चारों यात्रियों ने उससे चाय खरीदकर पी। इसके 10 मिनट बाद वे बेहोश हो गए। ट्रेन रायबरेली से प्रतापगढ़ के बीच थी, तब किसी यात्री ने रेलवे कंट्रोल को चार लोगों के बेहोश होने की सूचना दी। चारों को अमेठी स्टेशन पर उतारकर सीएचसी में भर्ती कराया गया।
वहां एक पीड़ित अभिषेक को होश आया तो उसने आप बीती लोगों को बताई। इसके बाद चारों को प्रतापगढ़ जीआरपी थाने में लाया गया। वहां चारों ने अपने मोबाइल व कैश व गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। अभिषेक ने मोबाइल व 2500 रुपये, सुनील तिवारी ने मोबाइल व एटीएम, सुनील कुमार ने मोबाइल व 3000 रुपये, अमरपाल ने मोबाइल व 3000 रुपये चोरी होना बताया है। जीआरपी ने चारों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जीआरपी मुरादाबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार का कहना है कि प्रतापगढ़ से रिपोर्ट ट्रांसफर होकर आई है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।