मुरादाबाद। ग्राम पंचायत स्तर के कर्मचारियों ने मृत व्यक्ति के खाते में मनरेगा की धनराशि भेज दी, लेकिन काम करने मजदूर को पैसा नहीं मिला। शिकायत पर जांच में खुलासा होने पर डीएम अनुज सिंह ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
मूंढापांडे विकास खंड के गांव दौलतपुर-अजमतपुर निवासी हनीफ ने 31 मई को सीडीओ को पत्र दिया था, जिसमें उसने मनरेगा में काम करने के बाद खाते में पैसा न आने की शिकायत की थी। उपायुक्त (श्रम रोजगार) आरपी भगत मामले की जांच की तो पाया कि गांव में हनीफ नाम के दो युवक हैं। इनमें से एक की मौत हो चुकी है। मनरेगा में काम करने वाले हनीफ के काम की पैसे ऑपरेटर ने लापरवाही से मृतक हनीफ के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
जांच रिपोर्ट देखने के बाद डीएम ने दोषियों से मनरेगा की राशि वसूलने और एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। मामले में सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी ने भी उपायुक्त को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त का कहना है कि सचिव, ग्राम प्रधान और तकनीकी सहायक जेई से मनरेगा का पैसा वसूला जाएगा। साथ ही अन्य कार्रवाई की जाएगी। इस मामले की रिपोर्ट शासन को भी भेजी जाएगी।