उत्तर प्रदेश के अमरोहा के जोया ब्लॉक के गांव पलौला में क्रिकेटर मोहम्मद शमी की बहन शबीना व बहनोई गजनबी के परिवार द्वारा किए गए मनरेगा फर्जीवाड़े की जांच पूरी हो गई। बुधवार को कमेटी ने जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी। डीएम को सौंपी गई जांच में कमेटी ने एक बीडीओ व चार सचिवों समेत कुल दस लोगों को फर्जीवाड़े का दोषी माना है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने बीडीओ व एक सचिव पर विभागीय कार्रवाई तथा तीन सचिवों समेत आठ कर्मियों पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए है। साथ ही प्रधान से मनरेगा मजदूरी के तहत निकाली गई 8.68 लाख रुपये की रिकवरी के साथ-साथ अधिकार सीज होने की कार्रवाई भी की जाएगी। डीएम ने कहा कि दोषी कर्मचारियों पर निलंबन की कार्रवाई भी होगी।