गाड़ी रोककर दरोगा पवन कुमार ने टोका तो एक बदमाश ने दरोगा के गोली मार दी, गोली उनके सीने में लगी। गोली मारने के बाद बदमाश जंगल की तरफ भाग गए। इसकी जानकारी सिपाहियों ने कंट्रोल रूम को दी। जहां से वायरलेस से मैसेज पास कर पूरे जिले की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया।
कोतवाली के अलावा सैदनगली और आदमपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बदमाशों की तलाश शुरू की गई तो दीपपुर की तरफ जाने वाले रास्ते पर बदमाश दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान सिपाही धनुज कुमार के हाथ में गोली लग गई।
इसके बाद पुलिस ने एक बदमाश को चारों तरफ से घेर कर फायरिंग की, जिससे एक बदमाश गोलियां लगने से मौके पर ही गिर गया। जबकि दूसरा बदमाश फरार होने में कामयाब हो गया। मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश को सीएचसी हसनपुर लाया गया। यहां इमरजेंसी मेडिकल अफसर डा. दीपक वर्मा ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही एसपी डा.विपिन ताडा और एएसपी ब्रजेश सिंह मौके पर पहुंच गए। एसपी ने बताया कि मारे गए बदमाश का नाम इंतजाम उर्फ भूरा है, वह नौगांवा थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा अपरौला का रहने वाला था। एसपी ने बताया कि मुठभेड़ में एक सिपाही को भी गोली लगी है। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं गुरुवार को बदमाश के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया है।