एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया और सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बृहस्पतिवार दोपहर पुलिस लाइन में वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मझोला पुलिस की टीम ने बृहस्पतिवार सुबह बुद्धि विहार स्थित मैदान से मझोला के लाइन पार चाऊ की बस्ती निवासी शुभम, संजीव और सूर्यनगर लाइन पार निवासी तुषार कुमार और तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से पांच बाइकें, एक स्कूटी बरामद हुई है। आरोपी किसी भी बाइक या स्कूटी के कागजात नहीं दिखा पाए। पुलिस ने सभी को थाने लाकर पूछताछ की। तब आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ये बाइक और स्कूटी शहर के अलग-अलग चोरी की थीं। अब यहां बेचने के लिए आए थे। वह किसी ग्राहक का इंतजार कर रहे थे।
आरोपियों ने बताया कि वह वाहन चोरी करने के बाद जंगल में छिपा देते थे। इसके बाद नंबर प्लेट बदल कर फर्जी कागजात तैयार कराके बेच देते हैं। अब तक वह कई बाइक बेच चुके हैं। एसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गए तीन नाबालिग भी मझोला क्षेत्र के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह मौज मस्ती के लिए बाइक और स्कूटी चोरी करते हैं। गिरफ्तार किए गए तीन आरोपी कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिए गए हैं। जबकि नाबालिग किशोर बोर्ड में पेश किए गए, जहां से उन्हें राजकीय संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।