मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल के धनेटा में शनिवार शाम लूप लाइन से गुजर रही मिलिट्री स्पेशल (मालगाड़ी) ट्रेन का एक डिब्बा पटरी से उतर गया। इसकी जानकारी पर रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसके बाद ट्रेनों का संचालन बंद करा दिया गया। सूचना मिलने पर रेलवे टीम एआरटी लेकर मौके पर पहुंच गई और डिब्बे को पटरी पर चढ़ाने का कार्य शुरू कर दिया गया।
डीआरएम तरुण प्रकाश ने बताया कि शनिवार शाम मिलिट्री स्पेशल ट्रेन( मालगाड़ी) मुरादाबाद से बरेली की ओर जा रही थी। मालगाड़ी में मिलिट्री का सामान लदा हुआ था। जिसे चालक संजीव कुमार और सह चालक अमन लेकर जा रहे थे। शनिवार रात करीब साढ़े सात बजे धनेटा में लूप लाइन से मिलिट्री स्पेशल ट्रेन गुजर रही थी। इस दौरान झटके के साथ एक डिब्बा पटरी से उतर गया। तेज आवाज के साथ डिब्बे के पहिये से उतरने पर हड़कंप मच गया। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर मालगाड़ी रोक दी। चालक ने स्टेशन मास्टर और रेलवे कंट्रोल रूम में इसकी जानकारी दी। तत्काल रेल संचालन बंद करा दिया गया। सूचना मिलने पर मंडल मुख्यालय से एआरटी की मांग की गई। रेलवे कर्मचारी और अधिकारी एआरटी को बुलाकर डिब्बों को पटरी पर चलाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने बताया कि भुज से बरेली के बीच चलने वाली आला हजरत एक्सप्रेस दुगन और न्यू दिल्ली दरभंगा बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को नगरिया सादात में रोक दिया गया है। ट्रैक साफ होते ही ट्रेनों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।