रविवार सुबह धूप निकली थी, लेकिन उसमें तपिश का असर कम हो गया। घरों में ठिठुरन होने की वजह से ज्यादातर लोगों ने रविवार का अवकाश धूप सेंककर बिताया। शाम होते ही फिर से गलन महसूस होने लगी। दोपहिया वाहन चालकों को शाम के समय वाहन चलाते समय परेशानी हुई। मौसम विज्ञान विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों के अनुसार रविवार सुबह अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शनिवार रात का तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार शाम को ठंडी हवा होने की वजह से डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों ने न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस होने का अनुमान व्यक्त किया है। उनका कहना है कि रविवार सुबह वातावरण में नमी 74 फीसदी थी, जो शाम को 57 फीसदी दर्ज की गई। रविवार को दिनभर हवा पश्चिम दिशा से पूरब दिशा में दस से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली। हवा की यह रफ्तार सामान्य से ज्यादा है।
पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का कहना है कि पश्चिम दिशा की हवा असर दिखा रही है। आसमान भी साफ हो चुका है, इसके कारण रात के तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है।
एक सप्ताह में पांच डिग्री सेल्सियस गिरा तापमान
पिछले एक सप्ताह में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। पिछले सप्ताह न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा था, लेकिन फिर हर रात तापमान गिरने लगा। पिछले 24 घंटे में तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस कम हुआ। रविवार रात का तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद व्यक्त की गई। वहीं अधिकतम तापमान भी अब सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया जा रहा है।
15 दिसंबर तक नौ डिग्री तापमान का अनुमान
मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले दिनों के पूर्वानुमान में स्थानीय स्तर पर अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस होने की संभावना व्यक्त की है। इसके साथ ही सुबह हल्का कोहरा और दिन में मौसम साफ रहने का भी अनुमान व्यक्त किया गया है।